मैं सांसद हूं संसद में ही जवाब दूंगा लंदन वाले बयान पर राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान को लेकर संसद के दोनों सदनों में लगातार हंगामा हो रहा है। इस मामले को लेकर राहुल गांधी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की और संसद में अपनी बात रखने के लिए समय मांगा। इस मामले में राहुत गांधी थोड़ी देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करनेवाले हैं। इससे पहले राहुल गांधी ने संसद में जाते वक्त कहा कि उन्होंने भारत विरोधी कुछ भी नहीं कहा है। बता दें कि बीजेपी उनके बयान पर माफी मांगने की मांग पर अड़ी हुई है।
संसद में हंगामा
उधर हंगामे की वजह से संसद आज भी चल नहीं सकी। दोपहर दो बजे के बाद कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्षी दलों के नेताओं ने अडानी विवाद और जेपीसी की मांग को लेकर संसद में विरोध प्रदर्शन किया और मानव श्रृंखला बनाई। बता दें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से लंदन में दिए बयान को लेकर बजट सत्र के दूसरे चरण के शुरुआती दोनों दिन संसद में भारी हंगामा हुआ और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के बीच कामकाज सुचारू रूप से नहीं चल सका।
किस बयान पर विवाद?
पिछले दिनों लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा था कि भारतीय लोकतंत्र के ढांचे पर ‘बर्बर हमला’ हो रहा है। उन्होंने इस पर अफसोस भी जताया कि अमेरिका और यूरोप समेत दुनिया के लोकतांत्रिक हिस्से इस पर ध्यान देने में नाकाम रहे हैं।

