अगले 5 दिनों तक खुशनुमा रहेगा मौसम दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के आसार

पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद अब देश के ज्यादातर हिस्सों से बादल छंट चुके हैं और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उत्तर भारत के कई इलाकों में गर्मी बढ़ती जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत भरी खबर देते हुए कहा है कि आने वाले पांच दिनों के लिए मौसम खुशनुमा रहेगा और तापमान में बहुत मामूली बढ़ोतरी होगी। IMD के मुताबिकअगले पांच दिनों तक देश के किसी भी हिस्से में हीटवेव चलने की आशंका नहीं है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के भी आसार हैं।
इन इलाकों में बारिश
वैसे तो ज्यादातर जगहों से बारिश का दौर खत्म हो चुका है, लेकिन महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा में अब भी हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का असर है। पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों में बारिश हुई।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
IMD वैज्ञानिकों के मुताबिक, 24 घंटे के दौरान दिल्ली-NCR में हल्की बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान के 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। अगले सप्ताह से एक बार फिर दिल्ली समेत उत्तर भारत के इलाकों में मौसम अपना रंग बदलने वाला है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। 11 अप्रैल को दिल्ली-NCR में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है। उसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।
यहां बदलेगा मौसम
उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में मौसम में कोई अहम बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन ओडिशा में अगले तीन दिनों तक बारिश और आंधी तूफान देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में छह अप्रैल को बारिश और आंधी आ सकती है। इसके अलावा, सात अप्रैल को ओडिशा में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी भारत की बात करें तो महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और महाराष्ट्र में आंधी-तूफान देखने को मिलेगा। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में सात अप्रैल को ओलावृष्टि की चेतावनी है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, इंटीरियर कर्नाटक और केरल में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने वाली है।

