घर जा रहे नाबालिग की बुलेट की टक्कर से मौत चालक फरार

इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बुलेट की टक्कर से 17 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बुलेट चालक को तलाश रही है। पुलिस के मुताबिक, साईं सुमन नगर निवासी प्रतीक पुत्र वासुदेव शुक्रवार को खारचा ब्रिज से घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। स्वजन ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन प्रतीक की मौत हो गई।
आर्मी अफसर बनकर व्यवसायी को ठगा
इंदौर। ठग ने स्वयं को आर्मी अफसर बताकर व्यवसायी को ठग लिया। इंदौर क्राइम ब्रांच समय पर अलर्ट हुई और व्यवसायी के खाते से निकाले रुपये ठग से दिलवा दिए। तीन अन्य लोगों के साथ भी ठगी हुई है। पुलिस ने कुल दो लाख 81 हजार रुपये बचाए हैं। डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के मुताबिक, फाल सिलिंग का काम करने वाल हरिओम ने शिकायत दर्ज करवाई थी।
डाक्टर से भी धोखाधड़ी
हरिओम ने बताया कि ठग ने उससे फाल लगवाने के बहाने बात की और कहा कि वह गूगल पे से रुपये जमा करवा देगा। आरोपित ने पेमेंट रिक्वेस्ट भेजी और हरिओम को बातों में उलझाकर 82 हजार रुपये निकाल लिए। इसी तरह राजेश, आलोक, डाक्टर हेमंत से भी धोखाधड़ी हुई है। डाक्टर को तो आर्मी स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण करवाने का झांसा दिया और 40 हजार रुपये निकाल लिए।


