चैत्र नवरात्र पर्व के पहले दिन शहडोल के शक्तिपीठों में लगा श्रद्धालुओं का तांता देखें वीडियो

शहडोल। चैत्र नवरात्र पर्व की शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है । सुबह से ही पुरुष और महिलाएं लाइन लगाकर मंदिर में दर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं। नूतन वर्ष का यह पहला दिन है और आज के दिन से चैत्र नवरात्र पर्व की भी शुरुआत होती है।
जिला मुख्यालय के विराट ईश्वरी दुर्गा मंदिर में सुबह 6:00 बजे से ही भक्तों का आना जाना शुरू हो गया था । यहां पर पूरे परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है। मंदिर परिसर में तकरीबन 40 से अधिक प्रतिमाएं कई अन्य देवी-देवताओं की भी है जिनके भी दर्शन लोग कर रहे हैं।
माता रानी का मुख्य दर्शन करने के लिए लोग लाइन लगाकर खड़े नजर आए। यहां पर 9 दिनों तक अलग-अलग रूपों में माता रानी का श्रंगार किया जाता है । पुजारी जयंत राज तिवारी ने बताया है कि पूरे 9 दिन यहां ज्योत जगेगी और जवारे बोए गए हैं । मंदिर परिसर में पहले दिन अच्छी खासी भीड़ नजर आ रही है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी यहां तैनात है।
जिला मुख्यालय के बूढ़ी माता मंदिर चामुंडा मंदिर तथा अंतरा गांव स्थित कंकाली मंदिर में भी लोग दर्शन करने पहुंचे हैं। जिला मुख्यालय सहित आसपास के सभी स्थानों पर जहां जहां देवी मंदिर हैं वहां पूजा का सिलसिला शुरू हो गया है । 9 दिनों तक चलने वाले अनुष्ठान भी शुरू हो गए हैं। जैतपुर के भटिया देवी मंदिर में नवरात्र पर्व के पहले दिन से वृंदावन से आए कलाकार रासलीला का प्रदर्शन भी करेंगे।यह कार्यक्रम शाम 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक चलेगा।
अंतरा के कंकाली मंदिर में 5000 से अधिक जवारा कलश स्थापित किए गए हैं वातावरण भक्ति में बना हुआ है और लोग हर्ष और उल्लास के साथ यह पर्व मना रहे हैं । महिलाओं ने व्रत रखा हुआ है जगह-जगह कन्या पूजन के भी आयोजन चल रहे हैं।


