तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी एक युवक की मौत तीन घायल

भोपाल। शुक्रवार तड़के शहर की वीआइपी रोड पर खानूगांव के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर रैलिंग से टकराकर पलट गर्इ। हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई। कार में कुल सात युवक सवार थे। उनमें से तीन घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोहेफिजा थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि रोहित पुत्र मुकेश वैष्णव रेतघाट के पास परिवार के साथ रहता था। हाल ही में उसने 10वीं की परीक्षा दी थी। शुक्रवार तड़के रोहित अपने बड़े भाई नरेश और पांच दोस्तों के साथ चाय पीने के लिए कार से निकला था। कार रोहित चला रहा था। सुबह करीब पांच बजे वे लोग वीआइपी रोड स्थित खानू गांव के पास पहुंचे, तभी रफ्तार अधिक होने के कारण कार बेकाबू हो गई और रैलिंग से टकराकर पलट गई। इस हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
बाइक की टक्कर से ट्राली पलटी, युवक की मौत
उधर बैरसिया थाना इलाके में शुक्रवार शाम एक बाइक सवार सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टकरा गया। बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी, कि टक्कर होते ही जैक पर खड़ी गेहूं से भरी ट्राली पलट गई। उधर हेलमेट पहने होने के बाद भी युवक के सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही उसके मौत हो गई। बैरसिया थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि शीतल नगर निवासी 31 वर्षीय नरेंद्र पुत्र राजाराम पाटिल केनरा बैंक में एग्रीकल्चर क्षेत्र अधिकारी के पद पर पदस्थ था। गुरुवार शाम को वह ग्रामीण क्षेत्रों से दौरा कर बाइक से घर लौट रहे था। शाम करीब सात बजे इमलिया गांव में बाह नदी के पास पहुंचा था, तभी सड़क पर गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहने रहने के बाद भी सिर में गंभीर चोट लगने से नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। उधर टक्कर लगते ही जैक पर खड़ी ट्राली भी पलट गई। टायर पंक्चर होने के कारण ट्रैक्टर चालक जैक पर ट्राली खड़ी कर टायर को पंक्चर बनवाने ले गया था। नरेंद्र की दो वर्ष पहले ही शादी हुई थी। उसकी एक वर्ष की बेटी है।


