खंडवा मंडी में 2100 रुपये क्विंटल के भाव में बिका गेहूं

खंडवा। वर्षा थमने के बाद कभी धूप तो कभी छांव का मौसम बना हुआ है। ऐसे में ज्यादातर किसान कोई जोखिम ना उठाते हुए गेहूं की उपज जल्द से जल्द बेचने के प्रयास में लगे हुए हैं। यही कारण है कि मंडी प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा के मद्देनजर गुरुवार को छुट्टी के दिन भी मंडी खोली गई। करीब 15 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई। किसानों का गेहूं माडल भाव 2100 रुपये क्विंटल तक बिका।जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 25 मार्च से शुरू होगी। हालांकि इससे पूर्व ही करीब 50 फीसद किसानों ने अपनी उपज मंडी में बेच दी है। इसकी मुख्य वजह मौसम की गेहूं के भाव में उतार-चढ़ाव और मौसम को माना जा रहा है। हाल ही में हुई वर्षा और ओलावृष्टि से खेतों में काटकर रखा गया कई किसानों का गेहूं भीग गया था। वहीं खेतों में खड़ी फसल भी आड़ी पड़ गई थी।
सोयाबीन, मक्का और चना की भी आवक
पिछले दो-तीन दिन से वर्षा का दौर जरूर थम गया है लेकिन मौसम साफ नहीं होने से किसान अब भी चिंता में हैं। ऐसे किसान जिनके पास गेहूं भंडारण करके रखने की व्यवस्था नहीं है वे मंडी और बाजार में अपनी उपज बेच रहे हैं। गुरुवार को चेटीचंड पर्व का अवकाश होने के बाद भी मंडी में बड़ी संख्या में किसान उपज बेचने के लिए आए। मंडी प्रशासन ने एक दिन पहले ही किसानों को इंटरनेट मीडिया और अन्य माध्यमों से मंडी में नीलामी जारी रहने की सूचना दे दी थी। सुबह से शाम तक करीब 400 वाहनों की कतार मंडी में लगी रही। गेहूं के अलावा मंडी में सोयाबीन, मक्का, चना और तुअर की आवक भी हुई।
उच्चतम 2410 रुपये क्विंटल बिका
गेहूं मंडी में गेहूं की आवक 15 हजार क्विंटल रही। उच्चतम भाव 2410 रुपये, न्यूनतम 1850 रुपये तथा माडल भाव 2150 रुपये क्विंटल रहा। सोयाबीन की आवक 2250 क्विंटल की रही। उच्चतम भाव 5261 रुपये क्विंटल रहा। न्यूनतम भाव 4775 रुपये तथा माडल भाव 4810 रुपये क्विंटल रहा। तुअर की आवक 35 क्विंटल हुई। उच्चतम भाव 7100 रुपये, न्यूनतम 6200 रुपये तथा माडल भाव सात हजार रुपये क्विंटल रहा। चना 920 क्विंटल आया। उच्चतम भाव 4701 रुपये, न्यूनतम 4200 रुपये तथा माडल भाव 4500 रुपये क्विंटल रहा। इसी तरह मक्का 90 क्विंटल नीलाम हुआ। उच्चतम भाव 1936 रुपये, न्यूनतम 1881 रुपये तथा माडल भाव 1899 रुपये क्विंटल रहा।
कल से 72 केंद्रों पर होगी की गेहूं खरीदी
शनिवार से जिले में 72 केंद्रों पर गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होगी। वहीं चना उपार्जन के लिए 27 केंद्र बनाए गए हैं। किसान आनलाइन स्लाट बुक करके अपनी उपज बेच सकेंगे। इस बार 2125 रुपये क्विंटल गेहूं का समर्थन मूल्य सरकार द्वारा तय किया गया है। गेहूं बेचने वाले किसानों का पंजीयन कम होने की वजह से इस बार केंद्रों की संख्या भी घटा दी गई है। पिछले वर्ष लगभग 84 केंद्र बनाए गए थे। जबकि इस बार 72 ही केंद्रों पर खरीदी होगी। वहीं चना खरीदी केंद्रों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ी है। पिछले वर्ष 22 केंद्र थे, इस बार चना उपार्जन के लिए 27 केंद्र रहेंगे।
पंजीयन का आज अंतिम दिन समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन कराने से वंचित किसानों के लिए पंजीयन का आज अंतिम दिन रहेगा। इस साल गेहूं बेचने के लिए करीब 28 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है जबकि पिछले वर्ष पंजीयन संख्या करीब 31 हजार थी। सरकार द्वारा किसानों के लिए 22 से 24 मार्च तक पंजीयन पोर्टल फिर शुरू किया गया है। खाद्य अधिकारी अरुण तिवारी ने बताया कि किसानों को पिछले वर्ष की तरह ही स्लाट बुक करके अपनी उपज बेचनी होगी। किसानों को किसी प्रकार का एसएमएस नहीं आए। पोर्टल पर किसान अपनी पसंद का खरीदी केंद्र चुनकर और तारीख तय करके उपज बेचने जा सकेंगे।


