राऊ निवासी नर्सिंग की छात्रा ने नृसिंहघाट पुल से शिप्रा नदी में कूदकर खुदकुशी कर ली

उज्जैन। इंदौर जिले के राऊ निवासी नर्सिंग की छात्रा ने नृसिंहघाट ब्रिज से शिप्रा नदी में कूदकर खुदकुशी कर ली। सोमवार को उसका शव नदी में मिला।
मृतका की तलाश करते हुए रविवार को परिवार उज्जैन पहुंचा था। महाकाल पुलिस ने बताया कि प्रियंका वानखेड़े उम्र 30 वर्ष निवासी राऊ इंदौर नर्सिंग का कोर्स कर रही थी।
रविवार को वह घर से लापता हो गई थी। इसके बाद उसकी तलाश करते हुए महिला का देवर वीरेंद्र व अन्य स्वजन उज्जैन आए थे। सोमवार सुबह छात्रा का शव नृसिंह घाट क्षेत्र में शिप्रा नदी में मिला।
वीरेंद्र वानखेड़े ने पुलिस को बताया कि उसके भाई देवेंद्र और प्रियंका की शादी 10 वर्ष पहले हुई थी। उनका एक बच्चा भी है। देवेंद्र दुर्घटना में विकलांग हो गया था।
रविवार को उसकी भाभी घर नहीं आई तो तलाश करते हुए उज्जैन आए थे। मोबाइल लोकेशन उज्जैन में महाकाल क्षेत्र में मिली थी। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।


