सीबीएसई स्कूलों में नवीन शैक्षणिक सत्र शुरू पहले दिन बच्चों को लेकर पहुंचे अभिभावक

भोपाल। सीबीएसई स्कूलों का सत्र मंगलवार से शुरू हुआ। राजधानी के निजी स्कूलों में नर्सरी व केजी वन में पहली बार स्कूल पहुंचे। सुबह सात से आठ बजे के बीच निजी स्कूलों के बाहर अभिभावकों और बच्चों का जमावड़ा लगा रहा। पहली बार स्कूल जाने वाले बच्चों में गजब का उत्साह नजर आया। हालांकि कुछ बच्चे रोते हुए भी नजर आए। पहले दिन माता-पिता दोनों ने बच्चे को स्कूल तक छोड़ा। पहली बार स्कूल आने वाले बच्चों के लिए स्कूलों ने भी खास तैयारी कर रखी थी। कुछ अभिभावक स्कूल की चौखट को छूकर प्रणाम कर रहे थे, कि उनके बच्चे ठीक से पढ़ाई-लिखाई करें। वहीं बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें चाकलेट भी दिए गए। पहले दिन सिर्फ इंट्रोडक्शन और खेलकूद में बच्चों को व्यस्त किया गया, ताकि पहली बार स्कूल आने वाले बच्चों को घर की याद ना आए। बता दें, कि हर साल सीबीएसई स्कूल 15 या 20 मार्च से स्कूलों का सत्र शुरू कर देते थे, लेकिन इस बार सीबीएसई ने एक अप्रैल के बाद से निजी स्कूलों का सत्र शुरू करने के निर्देश दिए थे।
अभिभावक भी उत्साहित दिखे
अभिभावक मुकेश चौटेले ने बताया कि सेंट थेरेसा स्कूल में केजी वन में बेटी का एडमिशन कराया है। मंगलवार से बेटी मानवी चौटेले का स्कूल का पहला दिन था। पहली बार स्कूल जाने के लिए बेटी बहुत उत्साहित थी। बेटी के साथ-साथ हमें भी उत्साह था। सबकुछ यूनिफार्म से लेकर लंच बाक्स, स्टेशनरी, सबकुछ नया दिलाया था। हंसते हुए स्कूल में पूरा समय बिताया ।
आज पहला दिन, सबकुछ बेटी की पसंद का था
अभिभावक प्रियंका दीक्षित ने बताया कि आज बेटी प्रविका का पहला दिन था तो सबकुछ उसकी पसंद का था। 15 दिन पहले से उसके यूनिफार्म, बैग, कापी-किताब लेकर रख दी थी। जिसे वह हर रोज लेकर स्कूल जाने की तैयारी करती थी।


