जलापूर्ति से परेशान महिलाओं ने लूटा नगर निगम का भंडार गृह पाइप उठाकर ले गई

खंडवा । जलापूर्ति से परेशान महिलाओं ने सोमवार को नगर निगम का भंडार गृह लूट लिया। अधिकारियों के सामने आक्रोशित महिलाओं ने भंडार गृह का ताला तोड़ दिया। इसके बाद एक-एक कर महिलाएं पाइप उठाकर ले गई। इस दौरान अधिकारी महिलाओं को रोकने की हिम्मत तक नहीं दिखा सके।
सोमवार को महालक्ष्मी बार्ड के इमलीपुरा क्षेत्र में मोघट थाने के पीछे रहने वाली महिलाएं पार्षद शेख खालिद नेतृत्व में निगम के भंडार गृह पहुंची। महिलाओं ने पहले तो भंडार गृह प्रभारी कमल रघुवंशी को खरी-खोटी सुनाई। उन्हें कहा कि उनके क्षेत्र में जलापूर्ति करने वाले अधिकारी को मौके पर बुलाओ और कहो कि वे हमारे क्षेत्र में निर्बाध रूप से जलापूर्ति करें।
प्रभारी ने उन्हें समझाया लेकिन महिलाएं पाइप साथ में ले जाने पर अड़ी रही। इस बीच निगम के जल विभाग के प्रभारी संजय शुक्ला भी भंडार गृह पहुंचे। उन्होंने भी महिलाओं से बात की। उन्हें महिलाओं ने कहा कि हमारे क्षेत्र में नर्मदा जल नहीं आता है। आसपास के क्षेत्र से पानी भरने को मजबूर हैं। क्षेत्र में एक नलकूप है। इसमें पानी है, अगर इसमें पाइप डाल दिए जाए तो क्षेत्र के लोगों को पानी मिलने लगेगा।
पार्षद शेख खालिद उर्फ गब्बर भिंडा ने भी कहा कि पाइप को लेकर करीब डेढ़ माह पहले आवेदन नगर निगम में दिया है, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई। निगम अधिकारी शुक्ला ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया और कहा कि उनकी समस्या का जल्द निराकरण किया जाएगा। इस पर महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आश्वासन बहुत सुन लिए। आज पाइप लेकर ही वे अपने घर जाएगी।
बच्चों के साथ मिलकर तोड़ दिया ताला
इसके बाद महिलाओं के साथ बच्चे भंडार गृह का ताला तोड़ने पहुंचे। यहां लोहे की राड से ताला तोड़ दिया। इसके बाद महिलाओं ने अंदर घुसकर पाइप निकाल लिए। पाइप लेकर महिलाएं यहां से चलती बनी। दो महिलाएं अपने कंधे पर पाइप रखकर ले गई। वहीं, साथ आए युवक भी महिलाओं का साथ दिया। दो युवक अपने दोनों कंधों पर पाइप रखकर ले गए।
डेढ़ माह से नहीं हो रही सुनवाई
महिलाओं के साथ भंडार गृह आए महारानी लक्ष्मी वार्ड के पार्षद शेख खालिद ने बताया कि डेढ़ माह पहले अपने लेटर पेड़ पर नगर निगम के कर्मचारी इंदर मंडलोई को लिखकर दिया था कि क्षेत्र में पानी की समस्या है। नर्मदा जल भी नहीं आ रहा है, लेकिन इसका कोई निराकरण नहीं हुआ। रमजान माह में जलापूर्ति से परेशान होकर यह कदम उठाना पड़ा। खड़कपुरा में पाइप लग रहे लेकिन हमारे यहां नहीं। ऐसे में आक्रोशित महिलाओं ने यह कदम उठाया।
मूकदर्शक बने रहे निगम अधिकारी
भंडार गृह में मौजूद अधिकारी व कर्मचारी तमाशा देखते रहे। उनके सामने महिलाओं ने भंडार गृह का ताला भी तोड़ा और पाइप भी लेकर चली गई। लेकिन अधिकारियों ने उन्हे रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। एक तरह से अधिकारी इस दौरान अपने केबिन में बैठकर तमाशा देखते रहे।
इनका कहना है
भंडार गृह में पार्षद के साथ आई महिलाओं ने हंगामा किया। बलपूर्वक उन्होंने भंडार का ताला तोड़ा और पाइप उठाकर ले गए। इस घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। मोघट थाने में शिकायत देकर प्रकरण दर्ज करवाया जाएगा।
– कमल रघुवंशी, नगर निगम भंडार गृह प्रभारी।


