अयोध्या के महंत राजू दास ने जबलपुर के मुस्लिम युवक सज्जाद खान को नया नाम दिया रोमी ठाकुर

जबलपुर। सुदूर अतीत में तत्कालीन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण परधर्म अपनाने वाले सनातन हिंदू धर्म की संतानों को सनातन अपनी ओर खींचने लगा है। यह इस बात का संकेत है कि भारत शीघ्र ही हिंदू राष्ट्र बनकर रहेगा। यह उद्गार हनुमानगढ़ी, अयोध्या के महंत राजू दास ने जबलपुर में आयोजित गदा यात्रा के मंच से व्यक्त किए। इस दौरान उन्होंने जबलपुर निवासी मुस्लिम युवक सज्जाद खान को नया नाम रोमी ठाकुर दिया गया। मंच पर इस्लाम से मुक्त होकर सनातन धर्म अपनाते हुए सज्जाद से रोमी बने युवक ने सोत्साह गर्वपूर्वक जयश्रीराम का जयघोष किया और कहा कि सनातन धर्म अपनाना मेरा संवैधानिक अधिकार है। हिंदू राष्ट्र भारत क्या अतिशीघ्र अखंड भारत का भी स्वप्न साकार होगा। यही नहीं समग्र विश्व हिंदू राष्ट्र होगा। यह सुनकर मंच के सामने एकत्र जनमेदिनी के बीच से हिंदू राष्ट्र की हुंकार गूंज उठी।
हिंदू युवती से किया था विवाह :
हिंदू सेवा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अतुल जेसवानी ने बताया कि सज्जाद खान ने हिंदू युवती से विवाह किया था। युवती ने शर्त रखी थी कि वह सनातन धर्म नहीं छोड़ सकती, इसलिए सज्जाद भी चाहे तो हिंदू बनने स्वतंत्र है। यही वजह रही कि अपनी पत्नी से बेहद प्रेम करने वाले सज्जाद ने मन में दबी सनातन के प्रति अगाध आस्था के वशीभूत हनुमानगढ़ी अयोध्या से संस्कारधानी आए महंत राजू दास से मिलकर अपनी इच्छा जाहिर की। हिंदू सेवा परिषद के सदस्यों से उसका साथ दिया, मनोबल बढ़ाया। श्रीरामनवमीं व हिंदू सेवा परिषद के एकादश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नौदरा ब्रिज स्थित हनुमान मंदिर से गदा यात्रा का प्रतिवर्षानुसार शुभारंभ हुआ। इस दौरान हिन्दू ईको सिस्टम के संस्थापक कपिल मिश्रा व हिन्दू जनजागृति के प्रचारक हनुमंत रमेश शिन्दे व आचार्य धीरेंद्र पांडे मंचासीन रहे।
गदा यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया :
परिषद् के प्रदेश अध्यक्ष अतुल जेसवानी, महानगर अध्यक्ष सौरभ जैन व प्रचार प्रसार प्रमुख गौरव साहू ने बताया कि गदा यात्रा का मुख्य आकर्षण 31 फुट की मिट्टी की भगवा गदा व चांदी की दो फुट की गदा रही। चांदी की गदा अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंदिर में अर्पित की जाएगी। गदा यात्रा में गदा के अलावा पांच नयनाभिराम झाकियां, बैंड-बाजे, ढोल, डीजे व भगवा ध्वज शामिल रहे। यात्रा में हनुमंत की 10 फुट की जीवंत झांकी व शिव तांडव की सजीव प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहे। गदा यात्रा हनुमान मंदिर से यात्रा प्रारंभ होकर करमचंद चौक, तुलाराम चौक, अंधेरदेव, खजांची चौक, कमानिया गेट, फुहारा, लार्डगंज, सुपर मार्केट, मालवीय चौक, तीन पत्ती होते हुए पुनः हनुमान मंदिर में सम्पन्न हुई। गदा यात्रा प्रारंभ होने के पूर्व हनुमान मंदिर में संतो की अगुवाई में महाआरती कर भगवा ध्वज दिखाकर गदा यात्रा प्रारंभ की गई। गदा यात्रा में 11 हजार से अधिक भक्त शामिल हुए। इस दौरान भारत हिन्दू राष्ट्र बने तथा हिन्दुओं की एकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अतुल जेसवानी, सौरभ जैन,धीरज ज्ञानचंदानी, नितिन सोनपाली, उत्कर्ष रावत, अक्षय झा, मुकेश बर्मन, अनिल कुशवाहा, दीपक विश्वकर्मा, रवि कुशवाहा, अभिषेक अहिरवार, गौरव साहू विनय राजपूत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


