कटनी में आंधी वर्षा में टूटी सर्विस लाइन करंट लगने से वृद्ध की मौत

कटनी। रविवार को शहर चली आंधी व वर्षा में वार्ड क्रमांक 18 अंतर्गत प्रेमनगर में पोल नही होने की वजह से दूर दूर से आने वाली सर्विस लाइन टूटकर गिर गई थी। जिसकी चपेट में एक वृद्ध आ गया। लोगों ने तार से छुड़ाते हुए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार प्रेम नगर निवासी मोतीलाल कोल 60 वर्ष रविवार की रात बिजली बंद होने की वजह से अंधेरे में घर लौट रहे थे। घर के बाहर सर्विस लाइन टूट कर आंधी तूफान में गिर गई थी और करंट फैला हुआ था। जिसकी चपेट में वृद्ध आ गए लोगों ने उनकी आवाज सुनी और दौड़कर प्रयास कर तार हटाया। साथ ही उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। वृद्ध का शव कब्जे में लेकर पुलिस जिला अस्पताल में पीएम करा रही है।
आज तक तैयार नहीं हुआ प्रस्ताव
पूर्व पार्षद मनोज गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि प्रेमनगर के विभिन्न स्थानों पर पोल लगाने के लिए विगत कई वर्षों से स्थानीय नागरिकों द्वारा आवेदन दिया गया। वर्तमान पार्षद रागिनी गुप्ता द्वारा भी विद्युत पोल लगाने के संबंध में प्रस्ताव प्रेषित कर स्थल निरीक्षण कराया गया था लेकिन नगर निगम की कार्य के प्रति लापरवाही के चलते अभी तक सिर्फ विद्युत विभाग को पत्र भेजकर खाना पूर्ति की गई है और अभी तक प्रस्ताव तैयार नही कराया गया। स्थानीय जनों का कहना है कि पोल न होने से दूर दूर से लाइन लोगों ने खींच रखी है और वजह से हादसे हो रहे हैं। नगर निगम व बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश है।


