विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी सरकार के खिलाफ नारेबाजी

बालाघाट। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करने के फैसले के विरोध में कांग्रेस सड़क पर आ गई है। शनिवार को युवा कांग्रेस ने कालीपुतली चौक पर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और टायर जलाए। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करने के फैसले काे लोकतंत्र की हत्या करना बताया और सरकार पर तानाशाही करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। शांति व्यवस्था के लिए नगर पुलिस अधीक्षक सहित कोतवाली व वारासिवनी थाना प्रभारी, यातायात थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। पुलिस ने अग्निशमक यंत्र से जलते टायर को बुझाया। युवा कांग्रेस बालाघाट के जिला अध्यक्ष तबरेज पटेल ने बताया कि राहुल गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, जिसका लाखों लोगों का समर्थन मिला है। राहुल गांधी की लोकप्रियता से डरकर केंद्र सरकार राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दे रही। अब उनकी लोकसभा सदस्यता खत्म करके सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की है।
इसी के विराेध में युवा कांग्रेस आज काला दिन के रूप में मना रही है। अगर सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो युवा कांग्रेस द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। एनएसयूआइ अध्यक्ष दयाल वासनिक ने बताया कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। देश में अंबानी व अडानी जैसे उद्योगपतियों को ही तवज्जो दी जा रही है। छोटे उद्योगपति को सरकार पूछ भी नहीं रही है। सरकार ने जीएसटी व नोटबंदी लाकर देश की अर्थव्यवस्था बिगाड़ी है।


