नर्मदा बेलखेड़ी में धारदार हथियार से ग्रामीण की हत्या

नरसिंहपुर/गोटेगांव। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में ग्रामीण की हत्या से एक बार फिर सनसनी फैल गई है। शनिवार को नरसिंहपुर तहसील मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर नर्मदा बेलखेड़ी में ग्रामीण की दालान में लगे पलंग पर रक्तरंजित शव मिला। रात को सोए स्वजन को सुबह जगाने घर के लोगों ने प्रयास किया तो वह शव देख घबरा गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने घटना स्थल की जांच शुरू की। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। घटना में बताया जा रहा है कि नर्मदा बेलखेड़ी निवासी गणेश उर्फ गुड्डा पिता तेजीलाल बर्मन 55 शुक्रवार की रात नौ साढ़े नौ बजे भोजन करने के बाद घर की दालान में लगे पलंग पर सोने चला गया था। स्वजनों ने पुलिस को बताया कि घर के अन्य सदस्य भी सोने चले गए। शनिवार की सुबह जब गणेश नहीं उठा तो जगाने बिस्तर के पास गए तो देखा की वह रक्त से भीगा है। स्वजनों ने ग्राम कोटवार को सूचना दी जिसने गोटेगांव थाना में जानकारी दी।
डाग स्क्वाड की मदद से की जा रही जांचः
घटना की जानकारी लगने के बाद सुबह करीब 11 बजे थाना प्रभारी हिमलेंद्र पटेल ने बल के साथ मौके पर जाकर जांच की। जिस स्थान पर मृतक का शव बिस्तर में था उसके आसपास के स्थान को जांच के लिए सुरक्षित किया। डाग स्क्वायड की मदद से घटना स्थल की जांच कराई गई वहीं छिंदवाड़ा से एफएसएल की टीम भी पहुंची। घटना की प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस आशंका व्यक्त कर रही है कि गणेश की हत्या किसी करीबी ने ही की होगी, पुलिस ने कुछ लोगों को संदिग्ध मानते हुए पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने माना है कि मृतक के गले में चोट के निशान हैं। घटनाक्रम की जानकारी से पुलिस अधीक्षक को भी अवगत कराया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपित को जल्द पकड़ लिया जाएगा।


