जबलपुर में बनाया जाएगा देश का दूसरा भारत माता मंदिर

जबलपुर । शहर में भारत माता चौक तो है, अब भारतमाता मंदिर भी बनाया जाएगा। एमआइसी की बैठक में शहर में भारत माता मंदिर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। सोमवार को हुई एमआइसी की बैठक में सिविक सेंटर स्थित उद्यान का नाम भी प्रियदर्शनी उद्यान से बदल कर भारत माता के नाम करने और भारत माता मंदिर की स्थापना करने संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए।
विदित हो कि भारत की आजादी में जबलपुर के योगदान को देखते हुए शहर में भारत माता का मंदिर बनाए जाने की मांग जोर पकड़ रही थी। गत दिवस नगर निगम सदन की बैठक में भी भारत माता मंदिर बनाने का मामला उठा। नगर निगम सदन की बैठक में नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल ने मंदिर बनाने की मांग उठाई थी। महापौर जगत बहादुर सिंह ने आश्स्वत किया था कि पहले भी ये प्रस्ताव आ चुका है जल्द ही इसे मेयर इन काउंसिल की बैठक में शामिल करेंगे। सोमवार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए महापौर की अध्यक्षता में आयेाजित एमआइसी की बैठक निर्णय पारित किया गया। बताया जाता है कि देश में अभी सिर्फ हरिद्वार में ही भारत माता का इकलौता मंदिर है।


